
कान्हाचट्टी (चतरा): प्रखंड के रामनगर उच्च विद्यालय में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब प्रधानाध्यापक एवं अन्य शिक्षक विद्यालय पहुंचे तो कार्यालय का मुख्य गेट खुला मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना तत्काल राजपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रूपेश कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर विद्यालय से सीसीटीवी सेट, पांच कंप्यूटर सेट, प्रोजेक्टर, इनवर्टर, साउंड सिस्टम सहित लाखों रुपये मूल्य की सामग्री चोरी कर ले गए। चोरी के दौरान विद्यालय परिसर में तोड़फोड़ भी की गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और अज्ञात चोरों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन एवं छापेमारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों, अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। उनका कहना है कि यदि शैक्षणिक संस्थान ही सुरक्षित नहीं हैं, तो सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है। लोगों ने विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता : नितेश कुमार सिंह
