
चतरा।चतरा एसपी अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कुंदा पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में तेगम गांव में जलेश कुमार (22 वर्ष) के घर से 7 किलो 540 ग्राम गीला अफीम और 293 किलो 900 ग्राम अफीम डोडा बरामद किया गया। आज जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि सूचना मिली थी कि तस्कर जलेश महतो पिता फुलेश्वर महतो, व्यापार करने के उद्देश्य से अपने घर में अवैध रुप से अफीम एवं डोडा रखे हुये हैं। सूचना के आलोक में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तस्कर के घर से 7.540 किलोग्राम अफीम,293 किलो 900 ग्राम अफीम डोडा,एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक तराजू एवं एक विवो कम्पनी का एंड्राइड मोबाइल फोन जप्त किया। उन्होंने बताया कि मौके से तस्कर जलेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। वहीं अन्य के विरुद्ध छापामारी की जा रही है। एसपी श्री नैथानी ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ का अनुमानित मूल्य लगभग एक करोड़ रु है।इस संदर्भ में कुन्दा थाना कांड सं0-52/2026, दिनांक- 24.07.2026, धारा-15/18 /27/29 एनडीपीएस एक्ट दर्ज किया गया है।छापामारी टीम में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब,पुअनि सह कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह,सअनि अशोक कुमार मण्डल एवं कुंदा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
