
चतरा : इटखोरी थाना क्षेत्र के गुल्ली मोड़ के समीप शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बक्सपुरा गांव निवासी 35 वर्षीय मुकेश राणा (पिता- स्व. गोविंद राणा) की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे एवं दोषी चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर चतरा-चौपारण मुख्य मार्ग जाम कर दिया, जिससे कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुकेश राणा किसी निजी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान गुल्ली मोड़ के पास तेज रफ्तार जेसीबी से बचने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पीछे से जेसीबी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना से आक्रोशित परिजन और बक्सपुरा गांव के सैकड़ों ग्रामीण दुर्घटनास्थल पर जुट गए और चतरा-चौपारण मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर यात्री बसों, ट्रकों और अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारी दोषी जेसीबी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। बताया जाता है कि मुकेश राणा अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन से पत्नी, दो छोटे बच्चों और वृद्ध परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे बक्सपुरा गांव में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले की जांच की जा रही है।
संवादाता नितेश कुमार सिंह
