
कान्हाचट्टी/चतरा : प्रखंड क्षेत्र के खापलवानी गांव निवासी शिव कुमार सिंह की पुत्री वंशिका राज ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET-UG में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 626 अंक प्राप्त किए हैं। इस शानदार सफलता के साथ उन्होंने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 4174 हासिल कर परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वंशिका की इस उपलब्धि पर समाजसेवी नितीश कुमार उनके आवास पहुंचे और उन्हें शॉल एवं कलम भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने वंशिका को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं में किसी भी मुकाम तक पहुंचने की क्षमता होती है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयास की है। नितीश कुमार ने कहा कि वंशिका राज की सफलता क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने साबित कर दिया है कि कठिन परिस्थितियां भी उस छात्र को नहीं रोक सकतीं, जो अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर लगातार मेहनत करता है। वंशिका की इस उपलब्धि से उनके माता-पिता सहित पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं, खापलवानी गांव और कान्हाचट्टी प्रखंड के लोगों ने भी गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वंशिका की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी। परिजनों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने वंशिका राज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करेंगी।
कान्हाचट्टी संवादाता नितेश कुमार सिंह
