
कान्हाचट्टी/चतरा : प्रखंड के कोल्हैया पंचायत अंतर्गत धमधम्मा गांव निवासी मोहम्मद मुजाहिद की कॉमन करैत (विषैले सांप) के डंसने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद मुजाहिद रायगढ़ में मजदूरी का कार्य करते थे। रोज की तरह वे अपने कार्यस्थल के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें कॉमन करैत सांप ने डंस लिया। बताया जाता है कि सांप को देखते ही उन्होंने उसे मार दिया। इसके बाद वे स्वयं वाहन चलाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचने का प्रयास करने लगे, लेकिन कुछ ही दूरी पर विष का असर तेजी से बढ़ने लगा। रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मोहम्मद मुजाहिद की असामयिक मौत से पूरे धमधम्मा गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में विषैले सांपों के प्रति लोगों को जागरूक करने, समय पर एंटी-स्नेक वेनम (ASV) की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर उपचार व्यवस्था करने की मांग की है।
कान्हाचट्टी संवाददाता: नितेश कुमार सिंह
