
Chatra : लावलौंग से पांकी को जोड़ने वाली जर्जर मुख्य सड़क की स्थिति में आश्वासन के एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ है।सड़क निर्माण को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार आश्वासन दिए गए,लेकिन आज तक धरातल पर काम शुरू नहीं हो सका।बरसात का मौसम शुरू होने से पहले ही ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे,उबड़-खाबड़ रास्ते और कीचड़ के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल बना हुआ है।ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष कई बार आंदोलन किया,धरना-प्रदर्शन किया और सड़क निर्माण की मांग उठाई। इसके बावजूद विभाग और सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई।रोजमर्रा के कार्यों,बाजार,स्कूल,अस्पताल और अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए इसी सड़क से आने-जाने वाले लोगों को हर दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बरसात के दिनों में दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।अब ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो विभाग और सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर जनआंदोलन छेड़ा जाएगा। इसकी रणनीति तैयार करने के लिए जल्द ही हजारों की संख्या में ग्रामीणों की एक बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी,जिसमें आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी उनकी मांगों की अनदेखी की जाती है तो धरना-प्रदर्शन और जनप्रतिनिधियों के विरोध समेत चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों की मांग है कि बरसात से पहले लावलौंग-पांकी मुख्य सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर इसकी समय-सीमा सार्वजनिक की जाए,ताकि वर्षों पुरानी इस समस्या से क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।
रिपोर्टर मो0 साजिद
