
कान्हाचट्टी (चतरा): प्रखंड की चिरीदारी पंचायत अंतर्गत ग्राम सिमराडीह के चलवा भुइयांटोली में बिरजू भुइयां के घर के पास स्थित सरकारी चापाकल, जो लंबे समय से खराब पड़ा था, उस पर समाचार प्रकाशित होने के बाद पीएचईडी विभाग ने तत्परता दिखाते हुए मात्र चार दिनों के भीतर उसकी मरम्मत करा दी। सोमवार को चापाकल की मरम्मत पूरी होने के बाद टोले के लोगों को बड़ी राहत मिली। अब ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है। लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली और विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। ग्रामीणों ने बताया कि चापाकल खराब रहने के कारण उन्हें रोजाना काफी दूर से पानी लाना पड़ता था, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष परेशानी होती थी। अब चापाकल चालू होने से स्वच्छ पेयजल की सुविधा पुनः बहाल हो गई है। ग्रामीणों ने समाचार प्रकाशित होने के बाद त्वरित पहल करने के लिए पीएचईडी विभाग का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र की जनसमस्याओं का इसी तरह समय पर समाधान किया जाएगा।
संवाददाता नितेश कुमार सिंह
