
चतरा। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो 20 जुलाई को चतरा के DMFT हॉल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। सम्मेलन को लेकर पार्टी संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के सभी प्रखंडों से युवा, महिला और पार्टी पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया गया है।पार्टी की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि सभी कार्यकर्ता पार्टी का पट्टा पहनकर कार्यक्रम में पहुंचें। सम्मेलन में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय एवं एकजुटता बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा होगी। इस दौरान BLA-2 कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में BLO के साथ समन्वय और सहयोग को लेकर प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।सम्मेलन में चतरा जिले की ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इनमें उप विकास आयुक्त (DDC) का लंबे समय से रिक्त पद, सदर अस्पताल एवं कई सामुदायिक और उपस्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी, ग्रामीण क्षेत्रों में गहराता पेयजल संकट, कोयला परियोजनाओं से जुड़े हाईवा वाहनों के कारण बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं और वैकल्पिक सड़कों के निर्माण की मांग प्रमुख होगी।इसके अलावा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं अमृत सरोवर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, नगर परिषद क्षेत्र में नाला, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी, जमीन के दाखिल-खारिज में हो रही देरी, विभिन्न विभागों में पदाधिकारियों और कर्मचारियों की कमी, खाद्य आपूर्ति विभाग में कथित अनियमितताओं, कर्मचारियों के लंबित वेतन, भ्रष्टाचार पर रोक, जिले में बढ़ती नशाखोरी तथा पिछले तीन वर्षों से बंद पड़ी मत्स्य विभाग की वेद व्यास आवास एवं मछुआरा आवास योजना को पुनः शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।पार्टी नेताओं का कहना है कि यह सम्मेलन केवल संगठनात्मक बैठक नहीं, बल्कि चतरा की जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखने का मंच बनेगा। सम्मेलन में सुदेश कुमार महतो कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठन की भूमिका और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष की दिशा भी बताएंगे।
