
कान्हाचट्टी (चतरा): प्रखंड के चिरीदारी पंचायत अंतर्गत ग्राम सिमराडीह के चलवा भुइयांटोली में बिरजू भुइयां के घर के पास लगा सरकारी चापाकल लंबे समय से खराब पड़ा हुआ है। इसके कारण टोले के ग्रामीणों को पेयजल के लिए काफी दूर से पानी लाना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से चापाकल खराब है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। बारिश के मौसम में भी स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। दूर-दराज से पानी लाने में समय और श्रम दोनों अधिक लग रहे हैं, जिससे दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रखंड प्रशासन से जल्द से जल्द चापाकल की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके और उन्हें हो रही परेशानियों से राहत मिल सके। यदि समय रहते चापाकल की मरम्मत नहीं कराई गई, तो आने वाले दिनों में पेयजल संकट और गंभीर रूप ले सकता है।
