
चतरा समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आज उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में केंद्र प्रायोजित मिशन वात्सल्य बाल संरक्षण योजना के अंतर्गत जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा संचालित योजना प्रावर्तकता एवं पालन-पोषण देखभाल समिति (SFCAC) की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त रवि आनंद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मिशन वात्सल्य के तहत अनाथ, एकल अभिभावक एवं अन्य जरूरतमंद बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से अधिकाधिक लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सभी प्रखंडों एवं पंचायतों तक सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र परिवारों को इसकी जानकारी मिल सके और वे सरलता से योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। उपायुक्त ने सभी संबंधित हितधारकों को स्वीकृत मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पात्र बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पात्र बच्चों की पहचान, नियमित अनुश्रवण एवं पुनर्वास प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने पर विशेष बल दिया। बैठक में स्पॉन्सरशिप योजना के लिए विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त 56 आवेदनों तथा फोस्टर केयर के लिए प्राप्त 02 आवेदनों पर विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन आवेदनों में आवश्यक दस्तावेज अपूर्ण हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण कर अगली SFCAC बैठक में अनुमोदन हेतु प्रस्तुत किया जाए। बैठक में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष, संरक्षण पदाधिकारी (गैर संस्थागत) एवं सिविल सोसायटी (मिराकल फाउंडेशन) के प्रतिनिधि सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
