
Chatra : लावालौंग थाना क्षेत्र के कोची गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना में एक तीन माह की गर्भवती महिला का गर्भपात हो जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोची गांव में जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान पीड़िता संगीता कुमारी, जो लगभग तीन माह की गर्भवती थी, के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। आरोप है कि मारपीट के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसका गर्भपात हो गया।घटना के बाद पीड़िता ने लावालौंग थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने लावालौंग थाना कांड संख्या 46/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद दोनों आरोपी महिलाओं सुनीता देवी, पति संघीय भुइयां एवं रजनी देवी, पति सचिन भुइयां, दोनों निवासी ग्राम कोची, थाना लावालौंग, जिला चतरा को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर मो0 साजिद
