
Chatra — कान्हाचट्टी से पांडेमहुआ जाने वाली मुख्य सड़क पर गाहड़ी नदी के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। बरसाती कटाव के कारण सड़क का संरक्षण खत्म हो चुका है और बचा हुआ हिस्सा भी हर क्षण ढह सकता है। स्थानीय लोग बताते हैं कि हर वर्ष मानसून में नदी का तेज बहाव यही नुकसान करता है, लेकिन इस बार स्थिति और भी गंभीर हो गई है। राहगीरों और ग्रामीणों का कहना है कि इसी मार्ग से रोजाना स्कूली बच्चे, किसान, मरीज और व्यापारी गुजरते हैं। सड़क टूट जाने से वाहनों की आवाजाही अत्यंत जोखिम भरी हो गई है, विशेषकर रात में, क्योंकि घटनास्थल पर न तो पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही बैरिकेडिंग की व्यवस्था है। ग्रामीणों ने बताया कि अँधेरे में दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन तथा संबंधित विभाग से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है। उनका अनुरोध है कि गाहड़ी नदी के किनारे कटाव रोकने के लिए रिटेनिंग वॉल और बोल्डर पिचिंग कराई जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़क का अविलंब पुनर्निर्माण किया जाए। साथ ही, अस्थायी बचाव के लिए प्रभावित स्थल पर चेतावनी बोर्ड और उचित बैरिकेडिंग तत्काल लगाई जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कदम न उठाए तो बरसात के दौरान यह टूटी सड़क किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन को जोखिम में डालकर लोगों को अब और इंतजार नहीं करना चाहिए।
कान्हाचट्टी संवाददाता,नीतीश कुमार सिंह
