
Chatra : लावालौंग़ अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित 65वीं प्रखंड स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। दो दिनों तक चली प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न स्कूलों की टीमों ने खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया।अंडर-15 बालक वर्ग के फाइनल में मीडील स्कूल, कल्याणपुर ने उत्क्रमित मीडील स्कूल, पारामातु को हराकर खिताब अपने नाम किया। दुसरी तरफ अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल में पीएम श्री उत्क्रमित हाई स्कूल, लावालौंग ने उत्क्रमित हाई स्कूल, मन्धनियां को 4-0 से पराजित कर एकतरफा जीत दर्ज की। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग का फाइनल बेहद रोमांचक रहा। पीएम श्री उत्क्रमित हाई स्कूल, लावालौंग और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका स्कूल के बीच निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहा। इसके बाद हुए पेनाल्टी शूटआउट में पीएम श्री स्कूल ने 3-2 से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करती हैं। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर जिला व राज्य स्तर पर प्रखंड का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी ईश्वर राम, लेखापाल रजत उपाध्याय, बीआरसी कर्मी ओम प्रकाश एवं विकास कुमार की अहम भूमिका रही। मंच संचालन सुमंत कुमार ने किया। मुख्य रेफरी की जिम्मेदारी रवि कुमार ने निभाई, जबकि नोडल शिक्षक श्यामजीत यादव, संतोष राय एवं वीरेंद्र पाल ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग दिया। पंजी संधारण का कार्य समर बहादुर और राजेश महतो ने संभाला। इस अवसर पर पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अशोक पासवान सहित रिंकू सिंह, कैलाश उरांव, सविता सुमन, अशोक ठाकुर रीना कुमारी और सपना दास मौजूद रहे।
रिपोर्टर मो0 साजिद
