
चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र के पारामातु गांव से राजस्थान काम करने गए सात युवकों की टोली से एक महेंद्र गंझू की संदिग्ध मौत से बौखलाये परिजनो ने आज लावालौंग में शव के साथ सड़क जाम कर दी और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। सड़क जाम की सूचना पर मौके पर पहुंचे लावालौंग के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी बिपिन भारती और थाना प्रभारी चंदन कुमार के 50 हजार रु के मुआवजा की घोषणा के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया गया। घटना की जानकारी देते हुए परिजनो ने बताया कि गांव से सात लोग राजस्थान काम करने गए थे। वहीं खाना बनाने के दौरान आपसी झगड़े में मित्रों ने महेंद्र गंझू की गर्म डेगची की पानी उड़ेलकर कर हत्या कर दी। वहीं आरोपी ने बताया कि खाना बनाने के दौरान मृतक नशे में धुत था। इसी क्रम में डेगची में रखें पानी से झुलस गया। झुलस जाने के बाद सभी लोगों ने उसका इलाज करवाया और लावालौंग लौट आए। आरोपी ने कहा कि मृतक के परिजन हत्या का झूठा आरोप लगा रहे हैं। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी बिपिन भारती ने बताया कि जिला श्रम विभाग के अधिकारियों से बातचीत की गई है। मृतक के परिजनों को श्रम विभाग की ओर से 50 हजार की राशी दी जाएगी। कहा कि प्राथमिकी को लेकर थाना प्रभारी से भी बात हुई है। आवेदन के बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी।
