
चतरा जिले के कुन्दा प्रखंड से एक बेहद अजीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने कथित रूप से दो जिंदा सांप खा लिए। इसके बाद वह तीसरे सांप को भी खाने वाला था, लेकिन परिजनों ने उसे रोक लिया। बाद में उसने तीसरे सांप को मार दिया और उसे अपने साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रतापपुर लेकर पहुंचा। मृत सांप को देखकर अस्पताल के चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। जानकारी के अनुसार, कुन्दा प्रखंड मुख्यालय के बरवाडीह निवासी बौद्ध भारती के 45 वर्षीय पुत्र बुधन भारती ने कथित रूप से दो जिंदा सांप खा लिए थे। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रतापपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी जांच कर उपचार किया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार संजीव ने बताया कि सामान्यतः सांप विषैले हो सकते हैं, इसलिए ऐसे मामलों में तत्काल चिकित्सकीय जांच आवश्यक होती है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में इस तरह का मामला पहली बार सामने आया है। जांच के दौरान व्यक्ति के शरीर में किसी भी प्रकार के विष का प्रभाव नहीं पाया गया और फिलहाल उसकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य है। वहीं, बुधन भारती की पत्नी ने बताया कि उनके पति ने वास्तव में दो सांप खाए थे और इसके बाद शराब भी पी थी। यह अनोखी घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। डॉ. संजीव ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के जोखिम भरे और जानलेवा कृत्यों से बचें तथा किसी भी विषैले जीव के संपर्क में आने या उसके काटने की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह लें।
