
Chatra : लावालौंग प्रखंड क्षेत्र के लमटा सब सेंटर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के परिसर में मांस और शराब की दुकानों के कारण स्थानीय लोगों को घोर परेशानियों और असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।स्वास्थ्य केंद्र के चारों ओर शराबियों और मांसाहारियों की गतिविधियों से क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है, जिससे स्थानीय जनप्रतिनिधियों में काफी रोष व्याप्त है।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित लोगों से अनुनय-विनय कर व्यवस्था सुधारने का आग्रह किया गया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।उन्होंने कहा कि जहां स्वास्थ्य केंद्र परिसर और उसके आसपास का क्षेत्र साफ-सुथरा, स्वच्छ एवं कचरा मुक्त होना चाहिए,वहीं यहां मांस के अवशेष, शराब की पाउच और खाली बोतलें बिखरी रहती हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र से सटे क्षेत्र में झाड़ियों और पेड़-पौधों के बीच कई स्थानों पर आग जलाकर मांस पकाया जा रहा है। जिस भूमि पर यह गतिविधियां संचालित हो रही हैं, वह वन विभाग की बताई जा रही है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
गौरतलब है कि बगरा-चतरा मुख्य सड़क किनारे स्थित इस स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर के आसपास फैली गंदगी और असामाजिक गतिविधियों से मरीजों एवं उनके परिजनों को काफी असुविधा हो रही है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर स्वास्थ्य केंद्र परिसर को अतिक्रमण और गंदगी से मुक्त कराने की मांग की है।
रिपोर्टर मो0 साजिद
