
चतरा शहर से सटे हेरु डैम में मंगलवार सुबह एक युवक का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शहर के नगवां मोहल्ला निवासी रंजीत कुमार साव के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि रंजीत सोमवार की शाम से ही लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन मंगलवार सुबह उसका शव डैम में मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने सुबह हेरु डैम में एक शव को पानी में तैरते देखा। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना तत्काल सदर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अवधेश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पानी से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत डूबने से हुई है, उसने आत्महत्या की है या फिर किसी ने हत्या कर शव को डैम में फेंक दिया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों एवं परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, हेरु डैम में शव मिलने की खबर पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोग घटना की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है।
