
Chatra : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने आज समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सुरक्षा एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के लाभुकों के बीच सहायता सामग्री एवं स्वीकृति पत्र का वितरण किया। इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त ने सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत तीन पात्र लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान कर उन्हें योजना का लाभ प्राप्त होने की शुभकामनाएं दीं। साथ ही चतरा नगर क्षेत्र के दरजीबघा निवासी दिव्यांग लाभुक मोहम्मद शोएब को आवागमन में सुविधा एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ट्राइसाइकिल प्रदान की।प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ बिना विलंब उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण हो सके। कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद, वन प्रमंडल पदाधिकारी (उत्तरी) राहुल मीणा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
