
चतरा मे मुहर्रम के पावन अवसर पर चतरा जिला में शांति, सौहार्द और भाईचारे का वातावरण दिखाई दिया। जिला प्रशासन की सुविचारित तैयारी, पुलिस की मुस्तैदी और स्थानीय शांति समितियों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों के सकारात्मक सहयोग के कारण पूरे जिले में आयोजन पूरी तरह संगठित और शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ।
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी और उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मुख्यालय डीएसपी सुनील कुमार सिंह, चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन, सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब और अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जहूर आलम के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने निरंतर क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्था की निगरानी की। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए रहे, जिससे कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।
नगर के विभिन्न मोहल्लों से निकले मातमी जुलूसों और सड़क किनारे खड़े नागरिकों ने ताजिया जुलूसों का स्वागत किया और पारंपरिक रस्मों को अनुशासनपूर्वक देखा। युवाओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक युद्धकला—लाठी, डंडा और तलवार के व्यवस्थित एवं रोचक प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया और वर्षों पुरानी सांस्कृतिक परंपरा की जीवंत झलक दिखाई। सदर थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह, अंचल अधिकारी अनिल कुमार तथा अन्य अधिकारियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जहूर आलम ने मीडिया से कहा कि मुहर्रम का शांतिपूर्ण आयोजन जिले में आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की बेहतर मिसाल है। उन्होंने चेताया कि यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि सत्य, न्याय और इंसानियत के लिए हजरत इमाम हुसैन के बलिदान की याद है जो समाज को अन्याय के खिलाफ खड़े रहने की प्रेरणा देता है।
