
चतरा पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लावालौंग थाना क्षेत्र से करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये की कीमत का गैर कानूनी मादक पदार्थ बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई की जानकारी समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने साझा की।
उन्होंने बताया कि जिले में सक्रिय मादक पदार्थ नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से यह एक महत्वपूर्ण ऑपरेशन था,जिसके तहत भारी मात्रा में गिला अफीम, डोडा,पोस्ता दाना,गांजा और नकद राशि के साथ कई दस्तावेज और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। एसपी ने आम जनता से अपील की कि नशे से दूर रहें,नशा तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस को दें और मुख्यधारा से जुड़कर शांतिपूर्ण जीवन जिएं। गुप्त सूचना से खुला बड़ा नेटवर्क,पाँच लोगों पर मुख्य आरोप एसपी ने बताया कि लावालौंग थाना क्षेत्र के ग्राम–बुढ़ी और ग्राम–सीलदाग में कई व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से अफीम व डोडा संग्रहित कर बिक्री की तैयारी की जा रही थी। प्राप्त सूचना के मुताबिक—मनोज गंझू, बबलू गंझू, कमलेश गंझू (तीनों पिता—राजदेव गंझू, ग्राम–बुढ़ी) बिपिन कुमार यादव (पिता तारो यादव।ग्राम–सीलदाग; अस्थायी झोपड़ी बुढ़ी में) राकेश गंझू (पिता—राजन गंझू, ग्राम—सौरु नवाडीह; ससुराल बुढ़ी में) ये सभी मिलकर अवैध नशीले पदार्थों को ग्राम–गोदगोदिया के अजय गंझू तथा अन्य तस्करों को बेचने की तैयारी में थे। एसडीपीओ सिमरिया शुभम खंडेलवाल के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल गठित किया गया। दल में शामिल थे—शमी अंसारी, थाना प्रभारी (एनडीपीएस थाना, चतरा) चन्दन कुमार,थाना प्रभारी (लावालौंग) विधायक प्रसाद यादव सशस्त्र बल के जवान टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बारी-बारी से अभियुक्तों के घरों और अस्थायी ठिकानों पर छापामारी की। इस दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुए।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जब्त किया
गिला अफीम – 16.950 किलोग्राम डोडा – 296.950 किलोग्राम गांजा – 50 ग्राम
पोस्ता दाना – 76.700 किलोग्राम
नकद – ₹3,11,600/-
एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल
आधार कार्ड,पैन कार्ड,बैंक पासबुक सहित कई दस्तावेज यह बरामदगी अकेले लावालौंग क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क की व्यापकता को दर्शाती है
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, लगातार छापेमारी जारी
इस संबंध में लावालौंग थाना कांड संख्या–22/2026 दर्ज की गई है, जिसमें धारा 17(सी)/18(बी)/20(बी)(2)(ए)/27(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। एसपी ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क को धर दबोचा जाएगा। चतरा पुलिस की इस कार्रवाई ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान को नई मजबूती दी है और जिले में संचालित अवैध व्यापारियों में खलबली मची हुई है।
