
Chatra : लावालोंग प्रखंड में सैकड़ो वर्षों से आयोजित होने वाले ऐतिहासिक वार्षिक पशु मेले के सैरात बंदोबस्ती डाक की प्रक्रिया बुधवार को पूरी हुई।इस वर्ष डाक 14,45,745 रुपये में तय हुई,जो अब तक का उच्चतम स्तर है।डाक को महमूद खान ने अपने नाम किया है।बंदोबस्ती के लिए तीन आवेदनों में से भोला प्रसाद यादव का आवेदन जमानत राशि जमा नहीं करने के कारण निरस्त कर दिया गया।वहीं डाक राशि अधिक होने की वजह से पिन्टू कुमार ने अंतिम चरण में पीछे हटने का निर्णय लिया।अंततः सबसे ऊंची बोली लगाकर महमूद खान ने सैरात अपने नाम कर लिया।स्थानीय परंपरा के अनुसार यह भव्य पशु मेला हर वर्ष मार्गशीर्ष पूर्णमासी को आयोजित होता है।किसी जमाने में यह मेला अखंड बिहार के सोनपुर पशुमेला के बाद सबसे बड़े पशुमेले के रूप में जाना जाता था।हालांकि अब भी लाखों की संख्या में पशु खरीदने और बेचने के लिए दूर-दराज से व्यापारी और ग्रामीण यहां पहुंचते हैं। पशुओं की खरीद-बिक्री के अलावा मेले में लगने वाले विभिन्न झूले,दुकाने और खेल-तमाशे भी लोगों को आकर्षित करते हैं और मेले की रौनक को जीवंत बनाए रखते हैं। इस बार उच्चतम डाक से उम्मीद जताई जा रही है कि मेले की व्यवस्था और भी बेहतर व व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगी।
रिपोर्टर मो0 साजिद
