
Chatra : समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधारात्मक कार्य तथा पीड़ितों को मुआवजा उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। इस दौरान पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं परियोजना प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा भारी वाहनों के परिचालन में खलासी की अनुपस्थिति तथा चालकों द्वारा लगातार छह घंटे से अधिक वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका का मामला उठाया गया। इस पर उपायुक्त ने कोल परियोजनाओं में परिचालित भारी वाहनों के लिए निर्देश दिया कि छह घंटे से अधिक परिचालन वाले वाहनों में दो चालकों एवं एक खलासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी वाहनों में निर्धारित गति सीमा का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को ‘नो हेलमेट, नो फ्यूल’ नियम का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा ड्रिंक एंड ड्राइव एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार जांच अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
ब्लैक स्पॉट एवं जर्जर सड़कों की मरम्मत को लेकर सख्त निर्देश
बैठक में चिह्नित ब्लैक स्पॉट की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संघरी घाटी में सड़क की खराब स्थिति एवं मरम्मत कार्य में विलंब पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एनएचएआई के प्रतिनिधि को अविलंब मरम्मत कार्य पूरा कराने तथा संबंधित संवेदक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त सिमरिया रोड पर सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने तथा इटखोरी-नगवां स्थित नवनिर्मित पुल के शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कर आवागमन चालू कराने का निर्देश दिया गया।
हिट एंड रन मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश
हिट एंड रन के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को मामलों का त्वरित निष्पादन कर पात्र आश्रितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वर्ष 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को प्रति मृतक 10 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित खनन परियोजनाओं से राशि की मांग करने का निर्देश भी दिया गया।
खनन परियोजनाओं के वाहनों की होगी निगरानी, स्वास्थ्य केंद्रों को ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित करने का निर्देश
उपायुक्त ने सभी खनन परियोजनाओं के प्रबंधकों को परियोजना क्षेत्र में परिचालित वाहनों के जीपीएस एक्सेस की आईडी एवं पासवर्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। साथ ही परियोजना प्रबंधकों को अपने क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुदृढ़ करते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया गया। इसके तहत 24 घंटे चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। नो-एंट्री अवधि के दौरान सभी भारी वाहनों को संबंधित कंपनियों के परिसर के अंदर ही खड़ा रखने का निर्देश भी दिया गया।
शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर
बैठक में चतरा बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे सब्जी विक्रेताओं एवं अन्य दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण किए जाने से उत्पन्न जाम की समस्या पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया। इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 25 मई से 4 जून 2026 तक कार्यशाला आयोजित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया था।
गुड सेमेरिटन योजना के तहत 40 नेक मददगारों को मिला प्रोत्साहन
जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद कर उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नेक मददगारों (Good Samaritans) को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित गुड सेमेरिटन योजना के तहत अब तक जिले के 40 व्यक्तियों को लाभान्वित किया जा चुका है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया श्री प्रदीप कुमार महतो, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार, मोटरयान निरीक्षक नीरज कुमार, चतरा एवं हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि, सिमरिया एवं चतरा विधायक प्रतिनिधि, नगर परिषद अध्यक्ष अताउर रहमान, विभिन्न खनन परियोजनाओं के प्रतिनिधि, संबंधित कार्यपालक अभियंता, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
