
चतरा जिले के प्रतापपुर प्रखंड क्षेत्र के योगियारा पंचायत अंतर्गत लिदिक गांव में सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने श्रमदान कर करीब 300 फीट लंबी सड़क का निर्माण किया। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई थी, जिससे आवागमन में काफी परेशानी हो रही थी। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की समस्या को लेकर कई बार पंचायत के मुखिया, जिला परिषद सदस्य समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और श्रमदान से सड़क को चलने लायक बनाने का निर्णय लिया और करीब 300 फीट सड़क तैयार कर दी। ग्रामीण सुरेंद्र शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, आजाद कुमार यादव, कुलदीप राम, अशोक यादव, अजय यादव, राजकुमार मिस्त्री, मनोज कुमार यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसी सड़क के निर्माण के नाम पर पूर्व में 14वें वित्त आयोग से करीब 90 हजार रुपये की राशि की निकासी की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि राशि की निकासी के बावजूद सड़क का निर्माण धरातल पर नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर सड़क निर्माण के नाम पर निकाली गई राशि और कार्य की वास्तविक स्थिति की जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी पाए जाने वाले लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
