
लावालौंग/चतरा : पिछले दिनों 10 नवंबर को प्रखंड के कोलकोले पंचायत अंतर्गत हरहद गांव में डायरिया से पीड़ित 4 वर्षीय मासूम नीरज कुमार की झाड़-फूंक के फेर में हुई मौत के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। कल घटी इस हृदयविदारक घटना के बाद जब मीडिया की टीम ने पड़ताल की तो मुख्य आरोपी भगताइन गेंदिया देवी उर्फ गुलबी ने खुद कबूल किया कि वह पिछले आठ वर्षों से झाड़-फूंक का धंधा चला रही है। इस अवैध और अवैज्ञानिक कार्य में उसका बेटा और बहू भी बराबर के सहयोगी हैं।
गेंदिया देवी का दावा है कि वह उल्टी, दस्त और तेज बुखार जैसी गंभीर बीमारियों को अपने झाड़-फूंक से ठीक कर देती है। गांव में वह इसी अंधविश्वास की आड़ में अपनी दुकान चला रही थी, जिसकी कीमत एक मासूम को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
तंत्र-मंत्र से अनहोनी की धमकी, दहशत में पीड़ित परिवार
ग्रामीणों ने बताया कि गेंदिया देवी ने पूरे क्षेत्र में डर का माहौल बना रखा है। वह खुलेआम लोगों को धमकाती है कि यदि किसी ने थाने में शिकायत की तो वह अपने तंत्र-मंत्र से उसके परिवार में अनहोनी करा देगी। इसी दहशत के कारण चार वर्षीय मासूम को खो चुके हरहद निवासी निर्मल भोक्ता का परिवार अब तक थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है।
क्या है पूरा मामला
विदित हो कि कल हरहद निवासी निर्मल भोक्ता के 4 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार को डायरिया हुआ था। समय पर अस्पताल ले जाने के बजाय परिजनों को बहकाकर उसे भगताइन गेंदिया देवी के पास ले जाया गया। घंटों तक चले झाड़-फूंक के दौरान बच्चे की हालत बिगड़ती गई। जब परिजन उसे आनन-फानन में चतरा सदर अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इलाज के अभाव में गई मासूम की जान
इस घटना को लेकर क्षेत्र के बुद्धिजीवियों में भारी रोष है। बुद्धिजीवियों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी बीमारी में झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें और तुरंत सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों से इलाज कराएं। साथ ही प्रबुद्ध नागरिकों ने चतरा पुलिस-प्रशासन से मांग की है कि मासूम की जान से खिलवाड़ करने वाली और ग्रामीणों को धमकाने वाली भगताइन गेंदिया देवी, उसके बेटे और बहू पर स्वतः संज्ञान लेते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में फिर किसी मासूम की जान इस अंधविश्वास की भेंट न चढ़े।
रिपोर्टर मो0 साजिद
