
चतरा : छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं, छठ व्रतियों एवं आमजनों की सुरक्षा तथा सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी जहुर आलम ने सदर अनुमंडल क्षेत्र में व्यवसायिक मालवाहक एवं भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाई है। यह प्रतिबंध दिनांक 14 नवंबर 2026 को रात्रि 8 बजे से 16 नवंबर 2026 की प्रातः 9 बजे तक लागू रहेगा। पुलिस प्रशासन के अनुसार, छठ के दौरान शहरी एवं स्थानीय बाजारों के साथ-साथ विभिन्न छठ घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर आमजनों, श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में ट्रक, टिपर, डंपर, कंटेनर सहित अन्य भारी वाहनों के संचालन से यातायात में बाधा उत्पन्न हो सकती है, साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बढ़ सकती है। विधि-व्यवस्था के संधारण, सार्वजनिक सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं को निर्बाध आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। प्रतिबंध के दौरान सदर अनुमंडल क्षेत्र में व्यवसायिक मालवाहक एवं भारी वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सदर अनुमंडल पदाधिकारी जहुर आलम ने सभी पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराएं। साथ ही बाजार क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों, छठ घाटों के आसपास तथा संवेदनशील मार्गों पर सघन गश्ती कराई जाए। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि छठ व्रत, पूजा-अर्चना एवं घाट आवागमन के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोगपूर्वक पालन करें। प्रशासन का कहना है कि त्योहार को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए सभी स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है।
