
Chatra : लावालौंग थाना क्षेत्र अंतर्गत सिलदाग पंचायत स्थित तिलोरवातरी गांव में दिवाली की रात ढोल बजाने को लेकर विवाद हो गया।मामले में मुखिया पति रंजीत भारती पर दलित युवक रुपदेश भुइयां के साथ मारपीट कर सिर फोड़ने का आरोप लगा है।पीड़ित रुपदेश भुइयां के अनुसार,वह राशन लेने बनवार गांव स्थित जन वितरण प्रणाली की दुकान गया था।इसी दौरान मुखिया पति उसे पकड़कर अपने घर ले गया और बाजबरन ढोल बजाने की बात कहने लगा। युवक के द्वारा इनकार करने पर मुखिया पति रंजीत भारती उसे लात घूसों से मारने लगा। विरोध करने पर वह और भी उग्र हो गया और लाठी-डंडे से पिटाई कर दी।युवक ने आरोप लगाया है कि मारपीट में उसका सिर फट गया है जिसमें आधा दर्जन से अधिक टाके लगे हैं।पीड़ित की पत्नी सरिता देवी ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।इधर,मुखिया पति रंजीत भारती ने बताया कि दिवाली की रात गांव में घर-घर जाकर ढोल बजाने की परंपरा है।युवक ने उनके घर के पास ढोल बजाने से मना किया था।इसके बाद गांव स्तर पर मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया।इसी क्रम में धक्का-मुक्की हुई और रुपदेश पक्के फर्श पर गिर गया,जिससे उसके सिर में चोट लगी।इस संबंध में थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि मारपीट से संबंधित कोई शिकायत फिलहाल थाने में नहीं मिली है।शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।समाचार लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।
रिपोर्टर मो0 साजिद
