
चतरा: झारखंड के चतरा जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन क्लीन चतरा’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सदर थाना क्षेत्र के शेरेगढ़ा इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब पांच लाख रुपये मूल्य की एक किलो 40 ग्राम अफीम बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सिंदुवारी गांव निवासी देवराज यादव के पुत्र अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में लिया और बरामद अफीम को जब्त कर लिया।
गुप्त सूचना के बाद चली छापेमारी
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि शेरेगढ़ा इलाके में अवैध रूप से अफीम की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल गठित किया गया। टीम में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक पियेश प्रसुन और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि में अखिलेश कुमार को पकड़ा और तलाशी में उसके पास से अफीम बरामद की।
नेटवर्क का खुलासा हो सकता है
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से आई और इसे किसे बेचने की तैयारी थी। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में अफीम की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं।
परिवार का पुराना नारकोटिक्स इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अखिलेश कुमार के पिता देवराज यादव भी पहले अफीम तस्करी के मामले में जेल जा चुके हैं। पुलिस इस पहलू को भी जांच के दायरे में रख रही है। एसडीपीओ ने कहा कि जिले में अफीम और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। नशे के कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
