
Chatra : लावालौंग थाना क्षेत्र की लावालौंग पंचायत के मदनडीह गांव निवासी राजकुमार पांडेय उर्फ राजू को नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि गांव की एक नाबालिग ने करीब चार माह पूर्व थाने में लिखित आवेदन देकर छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया था। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।इधर,राजकुमार के परिजनों ने मामले को पुराने विवाद से जोड़ते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा है। कुछ माह पूर्व राजकुमार ने पीड़िता के भाई के खिलाफ अपनी पत्नी के साथ कथित संबंध रखने तथा आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाते हुए थाने में मामला दर्ज कराया था। परिजनों के अनुसार इस मामले में पीड़िता का भाई जेल भी जा चुका है। परिजनों का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद पीड़िता के भाई और उसके परिवार ने बदले की भावना से राजकुमार को फंसाने की साजिश रची। उनका दावा है कि इसी क्रम में नाबालिग को ढाल बनाकर राजकुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। राजकुमार के पिता एवं अन्य परिजनों ने जिला के वरीय पुलिस पदाधिकारियों से मामले की गहनता से जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि उनका पुत्र फिलहाल जेल चला गया है,लेकिन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच से वास्तविक स्थिति सामने आनी चाहिए।
रिपोर्टर मो0 साजिद
