
Chatra : उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में आज खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत धान अधिप्राप्ति योजना की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ई-उपार्जन पोर्टल पर निबंधित किसानों के ई-केवाईसी तथा धान अधिप्राप्ति के लिए अपलोड किए गए कृषि भूमि के विवरण के सत्यापन की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को धान अधिप्राप्ति प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ई-उपार्जन पोर्टल पर निबंधित किसानों का आधार संख्या, वैध मोबाइल नंबर एवं बैंक खाता विवरण के आधार पर ई-केवाईसी सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही किसानों द्वारा कृषि कार्य में प्रयुक्त भूमि के रकबे, खाता संख्या एवं प्लॉट संख्या से संबंधित विवरण का सत्यापन भी समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन निबंधित किसानों की कृषि भूमि का सत्यापन अब तक नहीं हुआ है, उनका प्रखंडवार सत्यापन जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं संबंधित लैम्पस-पैक्स के माध्यम से 15 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि खरीफ विपणन मौसम 2026-27 में धान अधिप्राप्ति के लिए कृषि भूमि का सत्यापन आवश्यक है। जिन निबंधित किसानों की भूमि का सत्यापन निर्धारित समय तक पूरा नहीं होगा, उनका निबंधन इस विपणन मौसम में धान अधिप्राप्ति के लिए मान्य नहीं होगा। उपायुक्त ने सभी प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंड कार्यालयों में संबंधित कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर किसानों के भूमि सत्यापन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। वहीं, सीएससी प्रबंधक को प्रज्ञा केंद्रों के माध्यम से धान अधिप्राप्ति योजना के लिए पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपायुक्त ने सभी पैक्स अध्यक्षों एवं सचिवों को स्पष्ट निर्देश दिया कि धान अधिप्राप्ति में किसी भी परिस्थिति में बिचौलियों की संलिप्तता नहीं होनी चाहिए। बिचौलियों के माध्यम से धान खरीद से संबंधित शिकायत मिलने पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी नीतू सिंह, जिला सहकारिता पदाधिकारी लोकनाथ महतो, सभी अंचल अधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा सभी प्रखंड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी उपस्थित थे।
