
Chatra : युवाओं को तंबाकू सेवन से दूर रखने तथा आमजनों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के अंतर्गत शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 (Tobacco Free Youth Campaign 4.0) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रवि आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा अभियान से संबंधित जागरूकता पंपलेट का विमोचन किया गया। इसके उपरांत उपायुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। अभियान के तहत समाहरणालय परिसर में हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। इसमें उपायुक्त रवि आनंद, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों तथा समाहरणालय के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने हस्ताक्षर कर तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से दो प्रचार रथों को उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि तंबाकू का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। इससे मुंह एवं फेफड़ों का कैंसर, हृदय रोग सहित कई गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। विशेषकर युवाओं को तंबाकू की लत से बचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज का निर्माण सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थानों, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं एवं आमजनों से तंबाकू उत्पादों से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
*जिले में संचालित होंगी विभिन्न जागरूकता एवं प्रवर्तन गतिविधियां*
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत जिले के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में तंबाकू निषेध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान (ToFEI) के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने, जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण एवं हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पोस्टर, बैनर, पंपलेट एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA), 2003 के प्रावधानों के अनुपालन को लेकर जागरूकता एवं प्रवर्तन गतिविधियां संचालित की जाएंगी। प्रचार रथों के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों तथा इसके त्याग के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू सेवन की लत से बचाना, तंबाकू के दुष्परिणामों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा सामूहिक सहभागिता से चतरा जिले को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी पहल करना है।
उपायुक्त ने पंचायती राज पदाधिकारी को जिले के 45 गांवों को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में आवश्यक पहल करने तथा संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से ग्रामीणों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन सतेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
