
Chatra : प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन की अपार संभावनाओं से समृद्ध चतरा जिले को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उपायुक्त रवि आनंद के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर चतरा प्रखंड अंतर्गत लक्ष्मणपुर भेड़ी फॉर्म डैम में रविवार को विभिन्न वाटर स्पोर्ट्स सुविधाओं का सफलतापूर्वक ट्रायल किया गया।
ट्रायल के दौरान कयाक बोट, पैडल बोट, बनाना बोट, बंपर बोट एवं फैमिली पैसेंजर बोट का परीक्षण किया गया। इन सुविधाओं के शुरू होने से स्थानीय नागरिकों एवं जिले में घूमने आने वाले पर्यटकों को जलक्रीड़ा एवं मनोरंजन के नए विकल्प उपलब्ध होंगे। निर्धारित प्रक्रियाओं एवं आवश्यक औपचारिकताओं को पूर्ण करने के बाद दीपावली के पश्चात इन सुविधाओं का संचालन शुरू करने की योजना है। इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष श्री बृजकिशोर तिवारी, प्रखंड प्रमुख धनवा देवी एवं क्षेत्र के मुखिया सहित अन्य स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि चतरा जिले में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले के प्राकृतिक एवं पर्यटन स्थलों को विकसित कर उन्हें आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जाए। लक्ष्मणपुर भेड़ी फॉर्म डैम में वाटर स्पोर्ट्स सुविधाओं की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होने की भी संभावना है। पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। जिला परिषद उपाध्यक्ष बृजकिशोर तिवारी ने कहा कि लक्ष्मणपुर भेड़ी फॉर्म डैम में वाटर स्पोर्ट्स सुविधाओं की शुरुआत क्षेत्र के लिए एक नई उपलब्धि होगी। इससे लोगों को मनोरंजन की बेहतर सुविधा मिलेगी साथ ही आसपास के क्षेत्रों से भी पर्यटकों का आगमन बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे जिससे युवा आत्मनिर्भर बनकर अपने पंचायत प्रखंड एवं जिला को सुंदर एवं समृद्ध बनाने में अपना योगदान देंगे। इस पहल के लिए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
