
Chatra : युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक समझ एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, चतरा के तत्वावधान में सोमवार को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, चतरा में विकसित भारत युवा संसद 2027 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने अपने विचारों एवं अभिव्यक्ति के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रहित और विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष श्री बृज किशोर तिवारी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति भी हैं। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और विचारों का उपयोग समाज एवं देश के सकारात्मक परिवर्तन में करने का आह्वान किया। युवा संसद कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में मॉडल कॉलेज, चतरा के प्राचार्य डॉ. मनीष दयाल, चतरा कॉलेज के सहायक प्राध्यापक डॉ. हेमंत कुमार मिश्रा, इटखोरी प्रखंड प्रमुख श्रीमती प्रिया कुमारी, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के प्राचार्य श्री रविकांत राम तथा पिछले वर्ष की फाइनलिस्ट राजश्री वीरा उपस्थित रहीं। पूर्व शिक्षक श्री श्याम किशोर एवं शिक्षिका सीमा श्रीवास्तव ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए अपने विचार साझा किए। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर राजनंदनी कुमारी ने प्रथम, मोहम्मद मासूम ने द्वितीय तथा अनीमेष पांडेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विकसित भारत युवा संवाद का आयोजन किया गया। इस सत्र में युवा आइकॉन सुश्री राजश्री वीरा ने युवाओं को मतदान के महत्व, चुनावी प्रक्रिया तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में योगदान देने की अपील की। दोनों सत्रों की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी, चतरा श्री धीरेंद्र कुमार ने की। उन्होंने कहा कि युवा संसद एवं युवा संवाद जैसे मंच युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, लोकतांत्रिक समझ और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से जागरूक नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक श्री प्रेमचंद यादव ने किया। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं एवं राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।
