
चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्राम हाहे के पास चलाए गए सघन तलाशी अभियान में टीम को एक भराठी बंदूक, बारूद और लोहे का छर्रा बरामद हुआ।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी के लिए हथियार छिपाकर रखा गया है। सूचना के बाद एसएसबी के सहायक कमांडेंट रवींद्र टोप्पो के नेतृत्व में पुलिस केंद्र चतरा की टीम और डी/35 बटालियन एसएसबी के जवानों ने संयुक्त रूप से इलाके में छापामारी शुरू की। तलाशी के दौरान हथियार और अन्य सामग्री बरामद कर ली गई। बरामदगी के संबंध में लावालौंग थाना में कांड संख्या 84/26, दिनांक 04.11.2026 दर्ज किया गया है। मामला आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद हथियार और सामग्री की जांच कर रही है। साथ ही अज्ञात अपराधियों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। संयुक्त अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस और एसएसबी ने कहा है कि इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर मो0 साजिद
