
सिमरिया। चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड के मुरवे में होने वाले रात्रि फुटबॉल टूर्नामेंट को लेकर जनसुरक्षा का मुद्दा उठाया गया है। JLKM के जिला सचिव मोहम्मद गुलाम ने प्रशासन से मैच के दौरान कोयला वाहनों के परिचालन पर अस्थायी रोक लगाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन सौंपा है। आवेदन के माध्यम से 8 से 10 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक सिमरिया-टंडवा मुख्य मार्ग से मुरवे-कटिया स्टेडियम तक कोयला वाहनों के आवागमन पर नो-एंट्री लगाने की मांग की गई है।
गुलाम ने कहा कि रात्रि मैच देखने के लिए हजारों दर्शक स्टेडियम पहुंचेंगे। इस दौरान आम राहगीरों की भी आवाजाही रहेगी। सड़क पर भारी कोयला वाहनों के चलते जाम के साथ-साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहेगा। ऐसे में किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन को पहले से सुरक्षा व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि रात्रि मैच के दौरान कोयला वाहन की वजह से कोई हादसा होता है, तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने जनहित और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए मैच के समय तत्काल अस्थायी नो-एंट्री लागू करने की मांग की है।
