
चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के सीमा चौक के समीप सोमवार की शाम 7:30 बजे कोयला हाईवा वाहन की चपेट में आने से 35 वर्षीय अरविंद सिंह की मौत हो गई। ग्रामीणों ने घायल अरविंद सिंह को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर पिछले 17 घंटे से चतरा-सिमरिया मुख्य पथ जाम कर रखा है। परिजनों ने 50 लाख रुपये मुआवजा और एक आश्रित को नौकरी देने की मांग की है। मृतक सीमा पंचायत के रंगवारा गांव के रहने वाले थे और उनकी दो छोटी बेटियां व एक बेटा है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव और सिमरिया के सीओ गौरव कुमार पहुंचे है और ग्रामीणों से जाम हटाने के लिए वार्ता कर रही है।पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग हफुवा गांव की ओर जा रहे थे। इसी क्रम में हजारीबाग जिले के कटकमसांडी रेलवे साइडिंग से चतरा के रास्ते कोयला गिराकर वापस लौट रही एक अनियंत्रित कोल वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में सीमा पंचायत के मुखिया पति रामरतन सिंह और मुकेश सिंह का नाम शामिल है। घटना के बाद मौके पर चतरा सांसद कालीचरण सिंह और सिमरिया विधानसभा के प्रत्याशी और झामुमो नेता मनोज चंद्रा मौजूद है।
