
चतरा। चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को चतरा जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और उनके खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस प्रभारी केदार पासवान, जिलाध्यक्ष चंद्रदेव गोप समेत विभिन्न मंच-मोर्चों के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, जिनकी स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच जरूरी है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम डीसी रवि आनंद को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यकाल और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मामलों की जांच कराने की मांग की गई है।
जिला कांग्रेस प्रभारी केदार पासवान ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। ऐसे में इसमें किसी भी तरह की अनियमितता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की भी मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर में गड़बड़ी के कारण कई मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो रहे हैं। पार्टी ने कहा कि निर्वाचन आयोग लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करने वाली संवैधानिक संस्था है, इसलिए चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी रहनी चाहिए। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे को जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक उठाती रहेगी।
