
चतरा : मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण जिले में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। इसका अंदाजा सदर अस्पताल में उमड़ रही मरीजों की भीड़ से लगाया जा सकता है। अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों में अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी, बुखार, पेट दर्द और दस्त से पीड़ित पाए जा रहे हैँ।सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल ने बताया कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले करीब 100 मरीजों में लगभग 90 मरीज मौसमी बीमारी से ग्रसित होते हैं। उन्होंने आगे बताया कि यह स्थिति बदलते मौसम में संक्रमण और खान-पान में लापरवाही के कारण उतपन्न हो रही है। डॉ. मनीष लाल ने ग्रामीणों समेत आम लोगों से मौसमी बीमारियों को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग गर्म और ताजा खाना खाएं तथा पर्याप्त मात्रा में गर्म पानी का सेवन करें। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि तबीयत खराब होने पर सीधे सदर अस्पताल या नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श लें। उन्होंने विशेष रूप से लोगों को झोलाछाप चिकित्सकों के चक्कर में नहीं पड़ने की सलाह दी। गलत इलाज से बीमारी गंभीर हो सकती है और मरीज की परेशानी बढ़ सकती है।
