
चतरा में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), हजारीबाग की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी भवन में छापेमारी कर टीम ने राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद को कथित रूप से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, राजस्व संबंधी कार्य के एवज में कर्मचारी पर रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया। इसके बाद मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए कर्मचारी को कथित रूप से घूस लेते गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी कर्मचारी के कार्यालय में दसतावेजों और संबंधित अभिलेखों की जांच भी की । टीम कार्यालय में मौजूद कागजात और अन्य रिकॉर्ड भी खंगाकी । कार्रवाई की सूचना मिलते ही प्रखंड कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि, रिश्वत की रकम कितनी थी और किस काम के बदले इसकी मांग की गई थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि एसीबी की विस्तृत कार्रवाई पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
