
कान्हाचट्टी (चतरा)। कान्हाचट्टी प्रखंड के कान्हा खुर्द गांव निवासी रामलखन सिंह उर्फ किरानी बाबू का शनिवार की सुबह करीब छह बजे इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। परिजनों के अनुसार, उनकी तबीयत खराब होने के बाद उन्हें हेल्थ प्वाइंट में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। इसी दौरान शनिवार की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। रामलखन सिंह उर्फ किरानी बाबू के निधन से परिवार के साथ-साथ गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी शोक का माहौल है। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और शुभचिंतक उनके पैतृक आवास पहुंचे तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
वे अपने पीछे चार पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के लिए उनका निधन अपूरणीय क्षति है। उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शनिवार को दोपहर करीब दो बजे पैतृक घाट पर संपन्न हुई। इस दौरान ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
उनके निधन पर क्षेत्र के ग्रामीणों एवं शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
