
कान्हाचट्टी/चतरा । एकल विद्यालय अभियान, अंचल चतरा के तत्वावधान में कान्हाचट्टी संच में रक्षाबंधन एवं शिक्षण सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आचार्य दीदियों ने एक-दूसरे को रक्षा सूत्र बांधकर सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और संस्कार का संदेश दिया। इस दौरान जरूरतमंद बच्चों के बीच डायरी, कॉपी एवं किताबों समेत अन्य शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। समारोह को संबोधित करते हुए संच अध्यक्ष शंभू प्रसाद केसरी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, रक्षा और नैतिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एकल विद्यालय बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने के साथ-साथ गांव-गांव तक भारतीय संस्कृति और संस्कारों की भावना को पहुंचाने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में भाग प्रशिक्षण प्रमुख दिनेश महतो, संच प्रमुख सुचित कुमार यादव सहित आचार्या किरण देवी, नगीना देवी, प्रीति कश्यप, पिंकी देवी समेत बड़ी संख्या में आचार्य दीदियां मौजूद रहीं।
