
Chatra : लावालौंग थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी लगातार नए-नए हथगंडे अपना रहे हैं, अब तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए शादी समारोह का सहारा लेना शुरू कर दिया है। शादी का पोस्टर लगाकर वाहन के जरिए डोडा की तस्करी किए जाने का मामला सामने आया है। लावालौंग पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लगभग ढाई क्विंटल डोडा से भरी एक बोलेरो गाड़ी को जब्त किया है, हालांकि चालक एवं तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बगरा से लावालौंग मार्ग के रास्ते एक बोलेरो वाहन में भारी मात्रा में डोडा लेकर तस्कर गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया श्री नागरगोजे शुभम भाऊ साहब के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद लावालौंग-बगरा रोड पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। जांच के दौरान लावालौंग की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बोलेरो गाड़ी को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक घबरा गया और वाहन को जंगल क्षेत्र स्थित चार फेड़ी महुआ पास ले जाकर छोड़ दिया। इसके बाद चालक समेत तस्कर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, लेकिन थाना प्रभारी चंदन कुमार ने तस्करों को कुछ दूरी तक खदेड़ा लेकिन काफी अंधेरा होने अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने जब बोलेरो वाहन की तलाशी ली तो उसमें 13 बोरों में भरा लगभग 252 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया। मौके से तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन संख्या JH 03L 6130 को भी जब्त कर लिया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तस्करों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है।इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। इस अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया श्री नागरगोजे शुभम भाऊ साहब, थाना प्रभारी चंदन कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर मो0 साजिद
