
चतरा : सदर प्रखंड के कमात गांव में शुक्रवार को भक्ति, आस्था और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात दिवसीय शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। महायज्ञ की शुरुआत विशाल कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु व ग्रामीण पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। इस दौरान पूरे गांव में हर-हर महादेव के जयघोष और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने शिव मंदिर प्रांगण से कलश यात्रा निकाली, जो मरमदीरी स्कूल मैदान होते हुए चुआड़ी नदी पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा और पुनः यज्ञशाला पहुंचे। इसके बाद अयोध्या के प्रमोद वन मारुति सदन के आचार्य पंडित शिव कुमार शास्त्री एवं उनकी विद्वान टीम ने विधि-विधान से कलश स्थापना कराई। महायज्ञ को लेकर गांव के युवाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि सात दिनों तक रुद्र महायज्ञ के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, भजन-कीर्तन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए मेले का भी आयोजन किया गया है। महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर पहुंचे सांसद काली चरण सिंह ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हैं और सामाजिक एकता को मजबूत बनाते हैं। वहीं विधायक जनार्दन पासवान ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को जीवंत बनाए रखने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। यज्ञ समिति के उपाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी सूर्यकांत कमल ने कहा कि महायज्ञ को सफल बनाने में गांव के बुजुर्गों, बुद्धिजीवियों, युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। उन्होंने बताया कि आयोजन को लेकर गांव में कई दिनों से तैयारी चल रही थी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मौके पर मुखिया प्रतिनिधि कृष्णा दांगी, पंचायत समिति सदस्य प्रमोद दांगी, यज्ञ समिति के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, सचिव पारसनाथ सिंह, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, भरत सिंह, प्रभुनाथ सिंह, हरेश सिंह, रमेश सिंह, संतोस सिंह, अरविंद सिंह, प्रदीप सिंह, प्रशांत, आर्यन, राहुल, रोहित, टुनटुन, अनूप, रुपेश, गौतम, मनोहर साव व भीम साव समेत सैंकड़ो ग्रामीण उपस्थित थे।
