
Chatra : कान्हाचट्टी प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा, उत्साह एवं गौरव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के शौर्य, साहस एवं बलिदान की गाथा सुनाते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को महाराणा प्रताप के जीवन संघर्ष, देशभक्ति, स्वाभिमान एवं राष्ट्रभक्ति के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके आदर्श समाज को एक नई दिशा देने का कार्य करते हैं। इस दौरान सतीश सिंह ने महाराणा प्रताप की वीरता और शौर्य गाथा को दोहराते हुए उन पर आधारित कई प्रेरणादायक कविताएं प्रस्तुत कीं, जिससे सभा में उत्साह का माहौल बन गया। वहीं मंच से भीम सिंह ने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें महाराणा प्रताप के बताए मार्ग पर चलने की सीख दी। मौके पर कान्हाचट्टी उपप्रमुख सुमन सिंह, सतीश सिंह (जिला कार्य समिति सदस्य सह सांसद प्रतिनिधि), शंकर दयाल सिंह (मंडल महामंत्री), अवधेश सिंह (समाजसेवी), भीम सिंह, ईश्वर सिंह, प्रिंस सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक एकता के संदेश के साथ किया गया।
कान्हाचट्टी संवाददाता: नितेश कुमार सिंह
