
Chatra : सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने हेतु जिला परिवहन कार्यालय की ओर से ‘रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ’ विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान 3 नवंबर से 7 नवंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद यादव, मोटरयान निरीक्षक तथा परिवहन विभाग की टीम द्वारा बस, ऑटो, मैजिक, टेम्पो समेत अन्य सवारी एवं निजी वाहनों में प्रतिबंधित रफ्तार और सुरक्षित ड्राइविंग संबंधी संदेशों से युक्त स्टिकर व बैनर लगाए जा रहे हैं। साथ ही माइकिंग के माध्यम से आमजनों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी लगातार की जा रही है। अभियान के दौरान ड्राइवरों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने, ओवरलोडिंग से बचने, नाबालिग चालक पर पूर्ण प्रतिबंध तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने जैसे विषयों पर विस्तार से जागरूक किया जा रहा है। जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद यादव ने कहा कि सड़क पर लापरवाही किसी की भी जान ले सकती है। वाहन चालक सावधानी बरतें, गति सीमा का पालन करें और ट्रैफिक नियमों का सदैव सम्मान करें। जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। आगे कहा अभियान के दौरान जहां लोगों को जागरूक किया जा रहा है, वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है। हमारा उद्देश्य दुर्घटनाओं को रोकना एवं सुरक्षित यातायात की व्यवस्था सुनिश्चित करना है। अभियान के प्रति लोगों में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखी जा रही है तथा परिवहन विभाग उम्मीद जता रहा है कि जागरूकता के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकेगी।
