
Ranchi : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उनके नेतृत्व में जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह और खूंटी जिलों में नए सरकारी मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे।यह निर्णय न केवल राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और शिक्षा के नए अवसर भी लेकर आएगा। जामताड़ा जैसे क्षेत्रों में, जहाँ पहले पहचान की कमी थी, अब डॉक्टर बनने का सपना साकार होगा।जामताड़ा में इस घोषणा के बाद लोगों ने मिठाइयाँ बाँटकर, पटाखे जलाकर, और मंत्री के प्रति आभार व्यक्त कर उत्सव मनाया। जनता मंत्री के आगमन का बेसब्री से इंतज़ार कर रही है।डॉ. अंसारी ने कहा, “यह सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि मेरे संघर्ष, सोच और जनता के विश्वास का परिणाम है। अब हमारे बच्चे यहीं पढ़कर डॉक्टर बनेंगे।”मंत्री ने बताया कि यह पहला चरण है। दूसरे चरण में गोड्डा, साहिबगंज, सरायकेला और पाकुड़ में भी मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे। देवघर के लिए भी सरकार लगातार प्रयासरत है।उन्होंने यह भी कहा कि इससे ग्रामीण इलाकों में डॉक्टरों की कमी दूर होगी, विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध होंगी और मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।राज्यभर से हजारों नागरिकों ने मंत्री को बधाई दी और कहा कि डॉ. अंसारी ने अपने क्षेत्र को नई पहचान दी है। झारखंड अब स्वास्थ्य क्रांति की ओर अग्रसर है।
