
Chatra : समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एल.डी.एम.), कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, सहकारिता, सांख्यिकी, गव्य टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट एजेंसी (एटीएमए) सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान उपायुक्त ने कृषि क्षेत्र में संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कृषि से संबंधित सभी योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे योजनाओं के कार्यान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करें, ताकि वास्तविक लाभार्थियों को अधिकतम सुविधा प्राप्त हो सके।बैठक में बैंकों के माध्यम से कृषि ऋण वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) निर्गमन, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान एवं सहकारिता विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने एल.डी.एम. को निर्देश दिया कि पात्र किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने में विशेष ध्यान दें तथा बैंकों के स्तर पर लंबित आवेदन का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि कृषि एवं उससे जुड़े विभागों के समन्वित प्रयासों से ही जिले के कृषक वर्ग की आय में वृद्धि संभव है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग मिलकर काम करें और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा नियमित रूप से करते रहें।बैठक में उपस्थित अधिकारियों द्वारा विभागवार प्रगति की जानकारी दी गई तथा आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य निष्पादन करने और जिला स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के निर्देश दिए।
