
चतरा. मुस्लिम धर्मावलंबियों ने बुधवार की रात ब्लैक आउट (बत्ती गुल) कर वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 का विरोध किया. लोगो ने अपने अपने घर, दुकान, कार्यालय व अन्य प्रतिष्ठानों में 9:00 बजे से 9:15 बजे तक 15 मिनट बिजली बंद (बत्ती गुल) रखा और शांतिपूर्ण विरोध किया. साथ ही वक्फ संशोधन बिल के प्रति नाराजगी व असहमति जाहिर की. ब्लैक आउट के दौरान मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में अंधेरा छाया रहा. ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल बोर्ड के आह्वान पर ब्लैक आउट किया गया. मुस्लिम धर्मावलंबियों ने कहा कि यह बिल मुस्लिमों के हित में नहीं है. जब तक केंद्र सरकार इस बिल को वापस नहीं ले लेतीसरकार तबतक विरोध जारी रहेगा. वक्फ संशोधन बिल एक गहरी साजिश है, जिसका स्पष्ट उद्देश्य मुसलमानों को उनकी मस्जिद, ईदगाह, मदरसा, दरगाहों, खानकाहों, कब्रिस्तानों व अन्य धार्मिक, सामाजिक संस्थान से बेदखल करना है. शहर-ए-काजी मुफ्ती नजरे तौहीद ने कहा कि यह बिल हमारे समुदाय के अधिकारों पर सीधा हमला है. वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में बदलाव अस्वीकार्य है. इसे लेकर ब्लैक आउट कर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया गया. चतरा शहर के साथ-साथ जिले अन्य प्रखंडों के मुस्लिम धर्मावलंबियों ने ब्लैक आउट कर वक्फ संशोधन बिल का विरोध किया.
