हेमंत सरकार ने किसानों के लिए किए ऐतिहासिक काम, भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं : डॉ इरफान अंसारी


रांची : झारखंड के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा पर किसानों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने किसानों के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने बताया कि इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2400 प्रति क्विंटल तय किया गया है, जो कई राज्यों से अधिक है। साथ ही किसानों को ₹100 प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जा रहा है। धान क्रय प्रक्रिया 15 दिसंबर 2024 से शुरू हुई है, जिसमें अब तक 11,720 किसानों से 6.81 लाख क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। राज्यभर में 684 अधिप्राप्ति केंद्र संचालित हो रहे हैं। किसानों के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है और पूरी प्रक्रिया कंप्यूटरीकृत की गई है। डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि भाजपा ने 17 साल सत्ता में रहते हुए किसानों के लिए कुछ नहीं किया, जबकि मौजूदा सरकार किसानों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।