कान्हाचट्टी के कठौतिया जंगल मे वन विभाग ने मनाया करम महोत्सव,मांदर की थाप पर जमकर थिरके जिप उपाध्यक्ष


Chatra : चतरा जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड के कठौतिया और भदुआ गाँव में वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग चतरा, उत्तरी वन प्रमंडल, चतरा द्वारा “करम महोत्सव सह वृक्षारोपण” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जीप उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी और रेंज अफसर अजित राम उपस्थित हुए । कार्यक्रम की शुरुआत करम पूजा से हुई और उसके बाद पौधारोपण कर प्रकृति को संरक्षित करने का संकल्प लिया गया। जिप उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी ने करम पर्व की सभी को शुभकामनाएं दीं और मांदर की थाप पर थिरके।उन्होंने मांदर भी बजाया। जिप उपाध्यक्ष ने कहा कि प्राकृतिक पर्व करम परब के मूल उद्देश्य आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने प्रकृति की महत्ता को समझते हुए भविष्य की पीढ़ी के लिए सभी से प्रकृति का संरक्षण करने का अनुरोध किया।आगे उन्हों ने कहा कि प्रकृति को संरक्षित करने के लिए आम लोगों को ज्यादा से ज्यादा पेड़-पौधे लगाने चाहिए और पर्यावरण संरक्षण पौधे लगाकर ही संभव है। वहीं रेंजर अजित राम ने कहा कि केवल वन विभाग के भरोसे पर्यावरण संरक्षण संभव नहीं है, आम लोगों को भी पौधों का संरक्षण करना होगा। कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।