गिद्धौर(चतरा) :मकर सक्रांति को लेकर रविवार को भी बलबल में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।रविवार को करीब 27 हजार श्रद्धालुओं ने गर्म जल कुंड में स्नान किया और मां बागेश्वरी मंदिर में जाकर मत्था टेका। श्रद्धालुओं ने यहां मेला का भी लुत्फ उठाया। मेला में मनोरंजन के कई साधन उपलब्ध हैं। बताते चलें कि मकर सक्रांति पर्व पर स्नान व दान के महत्व को देखते हुए श्रद्धालुओं की यहां आपार भीड़ उमड़ती है। श्रद्धालु गर्म जल कुंड के अलावा समीप से बहने वाली लीलाजन नदी में भी डुबकी लगाई। यहां झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश सहित अन्य स्थानों से श्रद्धालु पहुंचे थे। इधर मेला में पशु व्यापारियों द्वारा पशुओं की खरीद बिक्री की जा रही है।मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बासुदेव पांडेय ने बताया कि संपूर्ण मेला में सुरक्षा का कड़ा इंतजाम किया गया है। युवकों की अलग-अलग टोली बनाकर महिला कुंड, पुरुष कुंड,मंदिर परिसर के अलावा मेला के अन्य स्थानों पर तैनात की गई । युवकों की टोली यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के सुविधाओं का ख्याल रख रहे हैं। इधर प्रखंड प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी मेला के सफल संचालन में तत्पर है।
संवाददाता कुदूस आलम


